Jharkhand Rajya Sabha Results: परिमल नाथवानी और बैजनाथ राम बने राज्यसभा सांसद, प्रणव झा को मिली हार
झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए हुए चुनाव के नतीजों ने राज्य की राजनीति में नई तस्वीर पेश कर दी है। मतगणना पूरी होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (NDA) समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के उम्मीदवार बैजनाथ राम ने जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को हार का सामना करना पड़ा।
मतगणना के दौरान चुनाव प्रक्रिया में कुछ अहम घटनाक्रम भी सामने आए। निर्वाचन अधिकारियों ने तीन मतों को अमान्य (रद्द) घोषित किया, जबकि तीन अन्य मतों को फिलहाल होल्ड पर रखा गया है। इन मतों पर अंतिम निर्णय चुनाव आयोग की प्रक्रिया के अनुसार लिया जाएगा।
Jharkhand Rajya Sabha Results: इस चुनाव की खास बात यह रही कि झारखंड विधानसभा के सभी 81 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे 100 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। विधानसभा परिसर के कक्ष संख्या-42 में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। मतदान की अंतिम प्रक्रिया झामुमो विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के वोट डालने के साथ पूरी हुई।
परिणाम सामने आने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर भी शुरू हो गया। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर NDA समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी को जीत की बधाई देते हुए दावा किया कि उन्हें 28 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 20 मत प्राप्त हुए। उन्होंने इसे महागठबंधन के लिए बड़ा राजनीतिक झटका बताया।
राज्यसभा चुनाव के इन परिणामों को झारखंड की बदलती राजनीतिक रणनीतियों और आगामी चुनावी समीकरणों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की नजर उन तीन होल्ड वोटों और चुनाव आयोग की औपचारिक घोषणा पर बनी हुई है।

